भिवंडी: सांसद सुरेश म्हात्रे ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, ट्रेनों के ठहराव और लोकल सेवा बढ़ाने की मांग

भिवंडी

भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे (बाल्या मामा) ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। सांसद ने भिवंडी और आसपास के इलाकों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोकल ट्रेन सेवा बढ़ाने, प्रमुख ट्रेनों का ठहराव देने और रेलवे स्टेशन के विकास की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि भिवंडी–दीवा मेमू लोकल सेवा इस क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन वर्तमान में ट्रेनों की संख्या कम होने से यात्रियों को भारी भीड़ और परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक प्रत्येक घंटे एक ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिल सकेगी। 

इसके अलावा सांसद ने भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि भिवंडी एक बड़ा औद्योगिक और व्यापारिक शहर है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन यहां कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से लोगों को कल्याण और ठाणे जैसे स्टेशनों से यात्रा करनी पड़ती है। 

सांसद सुरेश म्हात्रे ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आसनगांव, भिवंडी रोड और बदलापुर रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का भी अनुरोध किया है, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिल सके। 

इसके साथ ही कोपर–भिवंडी खंड के दीवा–वसई रेलमार्ग पर किलोमीटर 54/5–6 के पास लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) बनाने की भी मांग की गई है, जिससे रेलवे ट्रैक पार करने वाले लोगों को सुरक्षित मार्ग मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। 

सांसद ने रेल मंत्री से इन सभी प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है, ताकि भिवंडी और आसपास के लाखों नागरिकों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।