Iqbal Kaskar: दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को सीने में दर्द, जेल से जेजे हॉस्पिटल हुआ ऐडमिट, जानिए क्या आरोप

मुंबई

मुंबई: दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) के भाई इकबाल कासकर (Iqbal Kaskar) की तबीयत बिगड़ गई है। सीने में दर्द की शिकायत के बाद इकबाल कासकर को मुंबई के सरकारी जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताते चलें कि दाऊद का छोटा भाई कासकर मुंबई की तलोजा जेल में बंद है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कासकर को शनिवार को नवी मुंबई की तलोजा जेल से अस्पताल ले जाया गया। हॉस्पिटल के हृदय रोग विभाग में इकबाल का इलाज चल रहा है। इसी साल फरवरी में कासकर को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया था। उसके बाद से वह जेल में कैद है।

इकबाल कासकर पर क्या आरोप
दाऊद के भाई कासकर के खिलाफ मुंबई में कारोबारियों से जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं। इन्हीं मामलों में गिरफ्तारी के बाद से वह मुंबई की तलोजा जेल में सलाखों के पीछे है। ईडी का आरोप है कि कासकर दाऊद इब्राहिम के नेतृत्व वाले गिरोह का एक प्रमुख सदस्य था। वह धमकी, जबरन वसूली जैसी गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल था। ईडी ने गिरफ्तारी के बाद अदालत को बताया था कि कासकर से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। डी कंपनी वह एक प्रमुख साजिशकर्ता और सिंडिकेट का मेंबर है। फरवरी 2022 में ईडी ने मुंबई में दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर, इकबाल कासकर के साथ-साथ गैंगस्टर छोटा शकील के रिश्तेदार से जुड़े लोगों के करीब 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी का मामला हाल में एनआईए की इब्राहिम और अन्य के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत दर्ज केस से जुड़ा है।

कासकर पर 100 करोड़ की उगाही का आरोप
कासकर पर आरोप है कि 3 साल के दौरान उसने ठाणे इलाके के जूलर्स और बिल्डर्स से करीब 100 करोड़ रुपये की उगाही की। ये पैसा उसने पाकिस्तान में बैठे दाऊद इब्राहिम तक पहुंचाया। हालांकि कासकर इस बिजनस में दाऊद की भूमिका को सिरे से खारिज करता है। दुबई से 2003 में कासकर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे डिपोर्ट कर मुंबई लाया गया। संगठित अपराध के खिलाफ मोका कानून के तहत वह 2007 तक मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में बंद रहा। 2007 में वह जेल से छूट गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *