भिवंडी में 2020 में हुई हत्या के मामले में 4 साल से फरार चल रहे आरोपी को शांतीनगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम साजन उर्फ बाबर मुमताज़ अहमद मंसूरी बताया गया है, जिसकी उम्र 25 साल है।
इस मामले में पुलिस पहले ही उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, भिवंडी के शांतीनगर इलाके में रहने वाले सत्तार मंसूरी की हत्या 20 अगस्त 2020 को गुलजार नगर में याकूब शेख की बिल्डिंग के पास की गई थी।

हत्या का कारण उत्तर प्रदेश स्थित ज़मीन का विवाद बताया जा रहा है। साजन और उसके साथियों ने मिलकर सत्तार मंसूरी पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी थी।
घटना के बाद शांतीनगर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 302, 307, 120(B) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन साजन तब से फरार था।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ है। इसके बाद शांतीनगर पुलिस ने यूपी पुलिस की मदद से आरोपी को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
10 अप्रैल को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।